इनपुट मिलते ही बिछाया जाल
प्रतापगढ़ एसपी बी.आदित्य के अनुसार, 22 मार्च को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप धमोतर से धरियावद की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल और डीएसटी इंचार्ज प्रताप सिंह के नेतृत्व में पाचागुड़ा रिसॉर्ट के पास नाकाबंदी की गई।
पीछा करने पर शुरू हुई फायरिंग
सोमवार सुबह करीब 4 बजे एक संदिग्ध पिकअप बांसी की ओर से आती दिखाई दी, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पिस्टल दिखाकर नाकाबंदी तोड़ दी और पिकअप को आरामपुरा जंगल की ओर दौड़ा दिया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे घबराकर आरोपी पिकअप को करीब 10 किलोमीटर दूर जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
जंगल में सर्च ऑपरेशन, मिला भारी माल
घटना के बाद आरपीएस शक्ति दायमा, क्यूआरटी और डीएसटी टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पुलिस ने जब पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 38 कट्टों में भरा हुआ 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके साथ ही एक जिंदा कारतूस भी मिला। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है।
मामला दर्ज, तलाश जारी
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि धरियावद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार तस्करों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
